राजधानी में गुंडागर्दी-दो बहनों पर जानलेवा हमला, आरोपी फरार
रायपुर
गुढि?ारी इलाके में मंगलवार की शाम लोगों ने थाने का घेराव कर दिया। पुलिस पर इल्जाम लगाया गया कि न्यू कलिंग नगर में रहने वाली दो बहनों पर हुए जानलेवा हमले के मामले में बदमाशों को बचाया जा रहा है। शिकायत करने थाने पहुंची निशा ने बताया कि उसकी ननद अंजली और सोनिया पर हमला किया गया है।अंजली का इलाके के बदमाश रशीद ने सिर फोड़ दिया और दूसरी ननद सोनिया के घुटने पर बैट से हमला कर उसका घुटना तोड़ दिया। पुलिस में शिकायत की गई है।
जानलेवा हमले की शिकार हुई लड़कियों की भाभी निशा ने बताया कि उसकी सोमवार को मेरी दोनों ननद और देवर अनूप गोंदवारा में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गए थे। वहां मुहल्ले का रसीद अपने साथियों के साथ पहले से ही था। रशीद ने मेरे देवर के चेहरे पर सिगरेट का धुआं उड़ाया। ऐसा करने से मना करने पर रशीद ने मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने गई अंजलि और सोनिया के साथ भी बदसलूकी की गई। सभी डर गए और फौरन वहां से घर वापस आ गए।
कुछ देर बाद रशीद अपने साथियों के साथ घर आ गया। उसने करछुल से अंजली के सिर पर जोरदार वार किया। बाल पकड़ कर सोनिया को घर से बाहर निकाला और बैट से उसके दायें पैर का घुटना तोड़ दिया। अंजली के सिर पर टांके लगे हैं। जख्म इस तरह हुआ है कि हमें इलाज के लिए उसके पूरे बाल मुंडवाने पड़े। सोनिया चल फिर नहीं पा रही।
पीड़ित परिवार के साथ थाने का घेराव करने पहुंचे लोगों ने इस घटना का विरोध किया। हालांकि, आरोपी अब भी फरार हैं। थाने में हंगामा बढ़ता देख पुलिस रशीद के एक साथी बिनेश को कहीं से पकड़कर ले आई। आश्वस्त किया गया कि कार्रवाई होगी। रशीद और उस रात दोनों युवतियों के साथ मारपीट करने वाले उसके साथी फरार हैं। मोहल्लें के लोगों में घटना को लेकर काफी आक्रोश है। पुलिस का कहना है कि मारपीट की शिकायत पर आरोपियों को तलाशा जा रहा है जल्द ही पकड़ लिया जायेगा लेकिन पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं करने की बात को उन्होने गलत ठहराया है।

पाठको की राय